धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने एकलव्य स्टेडियम के पास चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 3.08 ग्राम चिट्टा और एक मोबाइल फोन सहित कुल 71,600 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एकलव्य खेल मैदान स्टेडियम के पास मादक पदार्थ लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर पीएसआई संदीप अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 3.08 ग्राम चिट्टा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 61,600 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 10,000 रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इस तरह कुल 71,600 रुपये का मशरूका जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विवेक नरसिंग दानी (33 वर्ष), पिता मनोहर नरसिंग दानी, निवासी सुंदरगंज वार्ड, धमतरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) में मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया है।