धमतरी के टिकरापारा में घर में घुसकर तलवार और लाठी-डंडों से हमला, 5 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले के टिकरापारा में घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल युवक तलवार, बेसबॉल स्टिक और लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुसे थे। मामले में पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बांस के डंडे जब्त किए हैं। गिरफ्तार सभी पांच आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में असामाजिक तत्वों और हिंसक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।

बच्चे को आंगन में खिला रही थी महिला, तभी घर में घुसे युवक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। प्रार्थिया अपने घर के आंगन में बच्चे को खिला रही थी। इसी दौरान टिकरापारा के करीब 10 से 12 युवक कथित तौर पर तलवार, बेसबॉल स्टिक और लाठी-डंडे लेकर जबरन उसके घर में घुस आए। आरोप है कि युवकों ने महिला के साथ झूमाझटकी की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

घटना के दौरान अपनी जान बचाने के लिए महिला अपनी मां तारा निर्मलकर के घर पहुंची। आरोप है कि हमलावर वहां भी घर के अंदर घुस गए और गाली-गलौज करते हुए तलवार व लाठी-डंडे लहराकर भय का माहौल पैदा किया।

प्रार्थिया की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 273/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 189(4), 190, 191(3) एवं 331(6) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में देवेन्द्र नेताम उर्फ पप्पू (30 वर्ष), आदित्य मसीह (19 वर्ष), हिमांशु राकुडला (20 वर्ष), हर्ष अंगारे उर्फ छोटू (20 वर्ष) और रूद्रेश प्रताप साहू (29 वर्ष) शामिल हैं। इनमें देवेन्द्र नेताम, आदित्य मसीह और हर्ष अंगारे टिकरापारा के निवासी हैं, जबकि हिमांशु राकुडला और रूद्रेश प्रताप साहू रिसाईपारा पश्चिम, धमतरी के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस के डंडे जब्त किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय, धमतरी में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *