दीपांशु साहू हत्याकांड, तीन और कातिल गिरफ्तार

धमतरी। जिले के ग्राम मुजगहन में दीपांशु साहू हत्याकांड के मामले में अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। इस तरह मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्टील का स्प्रिंगदार चाकू, बांस का डंडा और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:20 से 10:30 बजे के बीच की है। ग्राम मुजगहन में सुदामा साहू के घर के सामने मुख्य मार्ग पर पूर्व रंजिश को लेकर रत्नाबांधा और पंचवटी कॉलोनी के कुछ युवकों ने दीपांशु साहू और विकास साहू के साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने डंडे और धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में दीपांशु साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल विकास साहू का उपचार जारी है।मामले में पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने 22 अक्टूबर को फनेश्वर नेताम (18 वर्ष), रितेश नेताम (22 वर्ष), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20 वर्ष) और नोहर यादव उर्फ काला (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 23 अक्टूबर को शंकर नागरची (19 वर्ष), तामेश्वर नागरची उर्फ मोनू (19 वर्ष) और धनेश्वर नागरची (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। ये सभी आरोपी रत्नाबांधा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों और अन्य सामान की जब्ती की गई है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कानून के अनुसार दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *