दुर्ग। चुनाव से पहले भिलाई-चरोदा नगर निगम के आयुक्त डीएस राजपूत का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह एसके सुंदरानी को निगम आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, डीएस राजपूत को सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अपर आयुक्त बनाया गया है। राज्य सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
सांसद विजय बघेल ने की थी हटाने की मांग
गौरतलब है कि दुर्ग के भाजपा सांसद विजय बघेल ने पहले आयुक्त डीएस राजपूत को पद से हटाने की मांग की थी। उन्होंने सांसद के विशेषाधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए विशेषाधिकार समिति के अध्यक्ष रविशंकर प्रसाद को पत्र लिखा था।
सांसद ने अपने पत्र में आरोप लगाया था कि तत्कालीन जिला पंचायत सीईओ रुपेश पांडेय और भिलाई-चरोदा नगर निगम आयुक्त डीएस राजपूत उनके पत्रों और फोन कॉल का उचित जवाब नहीं देते थे। उनका कहना था कि जनहित से जुड़े मामलों में अधिकारियों से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन नहीं उठाया गया और न ही समय पर जवाब मिला।
सांसद विजय बघेल ने इसे अपने विशेषाधिकारों का हनन बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। अब राज्य सरकार ने डीएस राजपूत का तबादला कर दिया है। हालांकि, तबादले को सांसद की शिकायत से जोड़ने के संबंध में आदेश में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।