दुर्ग। जिले में पड़ोसियों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है। घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के उत्कल नगर की है। पुलिस के अनुसार, विवाद में बीच-बचाव करने पर आरोपी ने पवन सिन्हा (38) के पेट के बाईं ओर धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। मामले में पुलिस ने आरोपी नीलकमल ठाकुर उर्फ नरेश ठाकुर (41) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे पवन सिन्हा अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान उत्कल नगर में उनके पड़ोसी गणेश मलिक और नीलकमल ठाकुर उर्फ नरेश ठाकुर के बीच विवाद हो रहा था। पवन सिन्हा ने विवाद शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि इससे नाराज होकर नीलकमल ठाकुर ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे धारदार हथियार से पवन सिन्हा के पेट के बाईं ओर वार कर दिया। हमले में घायल होकर पवन जमीन पर गिर पड़े।
शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 644/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पतासाजी की और उसे अभिरक्षा में लिया। पूछताछ तथा मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार जब्त किया गया।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस ने आरोपी नीलकमल ठाकुर उर्फ नरेश ठाकुर (41) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी मूल रूप से डंगनिया, थाना गुंडरदेही, जिला बालोद का निवासी है और वर्तमान में दुर्ग के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र स्थित पीएम आवास में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।