10 साल से बंद बोरवेल बना मौत का कुआं, बच्ची को निगल गया

हरियाणा। फरीदाबाद स्थित सीही गांव में 80 फीट गहरे बोरवेल में गिरी ढाई साल की बच्ची को करीब 10 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला गया। हालांकि, बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, बच्ची रविवार शाम करीब 6 बजे नगर निगम के एक खुले बोरवेल में गिर गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। एनडीआरएफ के कंट्रोल रूम को रात 7:45 बजे सूचना मिली, जबकि एनडीआरएफ की टीम रात 9:05 बजे घटनास्थल पर पहुंची।

इसके बाद एनडीआरएफ, हरियाणा एसडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस, मेडिकल विभाग और नगर निगम सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। बच्ची को बाहर निकालने के लिए बोरवेल के आसपास खुदाई की गई। साथ ही, बच्ची को सुरक्षित रखने के प्रयास में बोरवेल के अंदर ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही थी। मौके पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी तैनात रही। करीब 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार तड़के 3:50 बजे बच्ची को बोरवेल से बाहर निकाला गया। इसके तुरंत बाद उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

10 साल से बंद था बोरवेल, ढक्कन गायब होने से हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुई बच्ची जिस बोरवेल में गिरी, वह नगर निगम का था और करीब 10 साल से बंद पड़ा था। बोरवेल के ऊपर पहले ढक्कन लगा हुआ था, लेकिन कुछ दिन पहले ढक्कन गायब हो गया था। बोरवेल खुला होने के कारण बच्ची उसमें गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *