फर्जी नियुक्ति पत्र थमाया, सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर 2 लाख की ठगी, आरोपी पहले से जेल में

रायपुर। सरकारी विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र के जरिए ठगी करने का मामला सामने आया है। तेलीबांधा पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना के दौरान एक आरोपी का नाम सामने आया है, जो फिलहाल किसी अन्य मामले में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद है। पुलिस के मुताबिक, रायपुर निवासी विनोद कुमार वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नियुक्ति के संबंध में फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और उनका इस्तेमाल किया गया। शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 381/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने गवाह हेमंत साहू, निवासी कसडोल से पूछताछ की। पूछताछ में मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर कृष्णा अवस्थी, पिता कुंजराम अवस्थी, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम रिसदा, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार का नाम सामने आया।

नौकरी लगाने के नाम पर लिए 2 लाख रुपये

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी कृष्णा अवस्थी ने नौकरी लगाने के नाम पर हेमंत साहू से कथित तौर पर 2 लाख रुपये लिए थे। इसके बदले उसे फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेजों की सत्यता की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, कृष्णा अवस्थी थाना पलारी में दर्ज एक अन्य मामले में भी आरोपी है। अपराध क्रमांक 347/2026 में वह वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में निरुद्ध है। चूंकि आरोपी पहले से ही जेल में है, इसलिए तेलीबांधा पुलिस इस मामले में उसकी पूछताछ और आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए न्यायालय से विधिवत अनुमति प्राप्त करेगी। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस फर्जी नियुक्ति पत्र, संबंधित दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। मामले में आगे की जांच के आधार पर अन्य कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *