भखारा और नयापारा में 159 पौवा के साथ महिला समेत 2 गिरफ्तार

धमतरी। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए धमतरी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर सिटी कोतवाली और भखारा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 159 पौवा देशी शराब जब्त की है। दोनों मामलों में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

नयापारा में महिला शराब विक्रेता गिरफ्तार

सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि नयापारा स्थित शीतला मंदिर गली में एक महिला घर के पीछे गली में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक आरक्षक को सादे कपड़ों में डमी ग्राहक बनाकर भेजा। शराब की बिक्री की पुष्टि होते ही पुलिस टीम और महिला पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर महिला को पकड़ लिया।

गिरफ्तार महिला की पहचान चित्ररेखा मानिकपुरी (38), निवासी गोकुलपुर वार्ड, धमतरी, हाल मुकाम नयापारा के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 17 पौवा देशी प्लेन, 32 पौवा देशी मसाला और एक पौवा टेस्ट परचेज शराब, कुल 49 पौवा यानी करीब 8.82 बल्क लीटर शराब बरामद की गई। शराब, बिक्री रकम और टेस्ट परचेज की राशि समेत करीब 4,960 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।

शराब भट्ठी के पास 110 पौवा के साथ युवक पकड़ा

इधर, भखारा पुलिस को सूचना मिली कि देशी शराब भट्ठी के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में शराब लेकर बिक्री की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी प्रकाश साहू (45), निवासी वार्ड क्रमांक 8, भखारा के कब्जे से 110 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 8,800 रुपये बताई गई है।

दोनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

दोनों कार्रवाई में कुल 159 पौवा यानी करीब 28.6 बल्क लीटर देशी शराब जब्त की गई। जब्त शराब और अन्य सामग्री की कुल कीमत करीब 13,760 रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *