दुर्ग। जिले के रसमदा में घर की अलमारी से सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में अंजोरा चौकी पुलिस ने आरोपी पी. विकास राव (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को रसमदा निवासी सरोज निषाद (38 वर्ष) ने अंजोरा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर की अलमारी से अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोने की दो ईयरिंग और एक ठूसी माला चोरी कर ली गई है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 845/2026, धारा 305(क) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही पी. विकास राव, निवासी रसमदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की और बताया कि चोरी किए गए आभूषण उसने अपने घर में छिपाकर रखे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के घर से चोरी के सोने के आभूषण बरामद किए। मामले में आरोपी को 27 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
ये सामग्री हुई बरामद
- सोने की 2 नग ईयरिंग।
- सोने की 1 नग ठूसी माला।
उक्त कार्रवाई में चौकी अंजोरा में पदस्थ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से घर में रखे कीमती आभूषणों और अन्य संपत्ति की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।