ग्रेटर नोएडा। रबूपुरा कस्बे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। घर के अंदर पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों के शव मिले हैं। फिलहाल सभी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान महेश (36), उनकी पत्नी ललिता (33), बेटे लड्डू (12), बेटी मिस्टी (8) और छोटी बेटी साक्षी (4) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्यों ने पिछली रात नूडल्स खाए थे और इसके बाद सोने चले गए थे।
पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगी मौत की वजह
घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई है। पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि परिवार के सदस्यों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।