धमतरी। कंडेल गांव में मामूली विवाद के बाद दो युवकों पर नुकीले पेचकस से हमला करने के मामले में अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पेचकस भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे प्रार्थी नीरज साहू अपने साथी सुरेंद्र कुमार साहू और लुकेश यादव के साथ ग्राम कंडेल के एक चबूतरे पर बैठा था।
इसी दौरान सुरेंद्र कुमार साहू पानी लेकर वापस लौट रहा था। तभी गांव के ही सौरभ साहू (30) ने उसके साथ विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्का व लात से मारपीट करने लगा।सुरेंद्र के साथ मारपीट होते देखकर नीरज साहू बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान सौरभ साहू ने अपने पास रखे नुकीले पेचकस से नीरज के सिर के पिछले हिस्से पर वार कर दिया।
नीरज के शोर मचाने पर उसका छोटा भाई कोपेश्वर साहू भी मौके पर पहुंचा, तो आरोपी ने उसके सिर और गाल पर भी पेचकस से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 118/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जिसमें नुकीली वस्तु से चोट लगने की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। विवेचना के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक नुकीला पेचकस बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सौरभ साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
सौरभ साहू, पिता दिलीप साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कंडेल, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी।
पुलिस ने कहा है कि आपसी विवाद को हिंसक रूप देने, मारपीट करने और हथियारनुमा वस्तुओं से हमला करने जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।