कवर्धा। कवर्धा शहर में दिखाई दे रहे तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए वन विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। गृहमंत्री विजय शर्मा ने 25 अक्टूबर को यह जानकारी देते हुए बताया कि तेंदुए की सटीक लोकेशन का अभी पता नहीं चल पाया है। अब तक मिली सूचनाओं और उनके विश्लेषण के आधार पर दो अलग-अलग स्थानों पर ट्रैप केज लगाए जा रहे हैं।
गृहमंत्री के अनुसार, तेंदुए को आकर्षित करने के लिए ट्रैप केज में बकरी रखी जाएगी, ताकि उसे बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ा जा सके। पूरी कार्रवाई पशु चिकित्सक की निगरानी में की जा रही है। वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश और उसे सुरक्षित पकड़ने के प्रयास में जुटी है।
तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए नागरिकों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि रात में अकेले बाहर न निकलें और ट्रैप केज लगाए गए स्थानों पर भीड़ न लगाएं।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को तेंदुआ दिखाई दे, तो तत्काल मोबाइल नंबर 9755610000 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।