खपरी गांव में शराब बिक्री पर बिरेझर पुलिस का शिकंजा, युवक गिरफ्तार

कुरुद। धमतरी जिले के कुरुद थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी बिरेझर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खपरी गांव में एक शराब कोचिया को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव में एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी और आरोपी को शराब बेचते हुए पकड़ लिया।

पुलिस जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से 2.160 लीटर देशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,200 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नकद भी जब्त किए गए। इस तरह कुल 1,500 रुपये मूल्य की सामग्री पुलिस ने अपने कब्जे में ली।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीरज बघेल पिता गणेश बघेल, निवासी खपरी बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

बिरेझर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *