मोबाइल चुरा रहे शातिर को लात मारकर चलती ट्रेन से गिराया, यात्री गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी के आरोपी युवक को एक यात्री ने कथित तौर पर लात मारकर ट्रेन से नीचे गिरा दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने कार्रवाई करते हुए कानून हाथ में लेने वाले यात्री को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 14 जुलाई की बताई जा रही है। उरकुरा और मांढ़र रेलवे स्टेशन के बीच आजाद हिंद एक्सप्रेस में एक युवक पर मोबाइल चोरी का आरोप लगा था। आरोप है कि ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक यात्री ने युवक को ट्रेन के दरवाजे के पास ले जाकर जोरदार लात मार दी, जिससे वह चलती ट्रेन से नीचे जा गिरा। घटना के दौरान किसी अन्य यात्री ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद जीआरपी ने मामले की जांच शुरू की। जांच में कानून हाथ में लेने वाले यात्री की पहचान आर. सुरेश कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *