रायपुर। राजधानी के गोगांव इलाके में एक युवक द्वारा अपने ही दादा से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित सुखित धीमर ने बताया कि 18 जुलाई 2026 की शाम करीब 6 बजे वह गोगांव स्थित साईं मोबाइल के पास कन्हीय महार के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उनका नाती नवीन धीवर वहां पहुंचा और उनके सामने सिगरेट पीने लगा।
शिकायत के अनुसार, दादा ने नवीन को उनके सामने सिगरेट नहीं पीने की समझाइश दी। इस बात से नाराज होकर आरोपी ने कथित तौर पर अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद नवीन ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की साथ ही पीड़ित का बायां हाथ पकड़कर जोर से मरोड़ दिया, जिससे हाथ में दर्द और सूजन आ गई।
पीड़ित ने बताया कि घटना के दौरान कन्हीय महार सहित आसपास मौजूद लोगों ने पूरा घटनाक्रम देखा। घटना से आहत होकर उन्होंने गुढ़ियारी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी नवीन धीवर के खिलाफ संबंधित धाराओं 115(2)-BNS, 296-BNS, 351(2)-BNS में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।