कोकड़ी नाला में बहा बाइक सवार, पेड़ में फंसा रहा, सूचना मिलते दुर्ग पुलिस ने बचाई जान

दुर्ग। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक युवक तेज पानी के बहाव में मोटरसाइकिल समेत बह गया। युवक किसी तरह एक पेड़ के सहारे पहुंचकर फंस गया और उसने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही उतई पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को पव्वारा गांव के निवासी लोकेश्वर साहू मोटरसाइकिल से पव्वारा से खमहरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोकड़ी नाला पुल पर बारिश के कारण पानी का बहाव काफी तेज था। पुल पार करने के दौरान लोकेश्वर मोटरसाइकिल समेत तेज बहाव में बह गए।

बहते पानी के बीच युवक किसी तरह एक पेड़ के सहारे पहुंचा और उसे पकड़कर अपनी जान बचाई। तेज बहाव के कारण वह काफी देर तक पेड़ के सहारे फंसा रहा। इस दौरान उसने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर घटना की जानकारी दी और मदद मांगी। सूचना मिलते ही उतई पुलिस और डायल-112 की टीम तत्काल कोकड़ी नाला पुल पहुंची। पुलिस टीम ने मौके की परिस्थितियों का आकलन करते हुए सावधानी से युवक तक पहुंच बनाई। इसके बाद उसे पेड़ के सहारे से सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

रेस्क्यू अभियान में उतई थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दीपक कुमार, प्रधान आरक्षक आशीष सिंह, आरक्षक राजीव दुबे, दीपक जॉन और डायल-112 के चालक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवक को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया और घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *