बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में शराब के नशे में गाली-गलौज, मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने के तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, चेतना विरुद्ध नशा एवं प्रहार अभियान के तहत अवैध शराब, गांजा बिक्री समेत अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 6 अक्टूबर 2026 को कोटा थाने में आरोपी आकाश तिवारी (35), निवासी राम मंदिर चौक, पड़ावपारा, कोटा के खिलाफ तीन अलग-अलग शिकायतें प्राप्त हुईं।
पहले मामले में प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी रात के समय घर के अंदर घुस आया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपी द्वारा प्रार्थी की पत्नी के साथ धक्का-मुक्की करने का भी आरोप है। मामले में अपराध क्रमांक 860/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। दूसरे मामले में शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी शराब के नशे में रास्ते में गाड़ी रोककर अश्लील गाली-गलौज और मारपीट करने लगा तथा जान से मारने की धमकी देते हुए गाड़ी की चाबी छीन ली। इस मामले में अपराध क्रमांक 861/2026 दर्ज किया गया।
वहीं, तीसरे मामले में भी आरोपी पर शराब के नशे में गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया गया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 862/2026 के तहत मामला दर्ज किया। तीनों मामलों की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश तिवारी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।