लाइक्स और व्यूज के चक्कर में सलाखों में पहुंचा युवक, इंस्टाग्राम पर पिस्टलनुमा लाइटर से बनाया था रील

रायगढ़। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बटोरने के लिए हथियार जैसे दिखने वाली वस्तुओं का प्रदर्शन कर रील बनाना अब भारी पड़ सकता है। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चलाते समय पिस्टलनुमा लाइटर लहराकर रील बनाने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक की पहचान कर उसे तलब किया और पूछताछ के बाद वैधानिक कार्रवाई की।

मामला खरसिया थाना क्षेत्र के छोटेमुड़पार का है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में मामला आया। एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव ने थाना पुलिस को वायरल वीडियो की तस्दीक कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देश के बाद पुलिस टीम ने वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान खेम सिंह रौतिया (22), पिता गणेश राम, निवासी छोटेमुड़पार, खरसिया के रूप में की। इसके बाद उप निरीक्षक अमरनाथ शुक्ला, प्रधान आरक्षक खीरेन्द्र जलतरे और आरक्षक विशोप सिंह की टीम ने युवक को तलब कर वीडियो के संबंध में पूछताछ की।

पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि उसने 28 अगस्त को अपने मोबाइल से पिस्टलनुमा लाइटर हाथ में लेकर मोटरसाइकिल पर रील बनाई थी और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया था। पुलिस ने युवक को समझाइश दी कि हथियार या हथियार जैसे दिखाई देने वाली वस्तुओं का सार्वजनिक अथवा सोशल मीडिया पर प्रदर्शन लोगों में भय और गलत संदेश पैदा कर सकता है।

पुलिस के मुताबिक, समझाइश के दौरान मोहल्ले के लोगों द्वारा शिकायत किए जाने की बात पर युवक ने उतावलेपन में व्यवहार किया। इसके बाद खरसिया पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर थाने लाया। बाद में थाना खरसिया में धारा 170 बीएनएसएस/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने की सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से व्यवहार की अपील

रायगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए हथियार अथवा हथियार जैसे दिखने वाले सामान का प्रदर्शन कर रील या वीडियो न बनाएं। ऐसे वीडियो से समाज में भय का वातावरण बन सकता है और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *