पानी के छींटे पड़ने पर फायरिंग कर दिया युवक ने, फरार

रायगढ़। कोतरारोड थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। रिलायंस मार्ट के सामने सड़क पर पानी के छींटे पड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने युवक के सिर को निशाना बनाकर दो बार फायर कर दिया। हालांकि युवक नीचे बैठ गया, जिससे वह फायर की चपेट में आने से बच गया। पुलिस की जांच में वारदात में इस्तेमाल हथियार सामान्य पिस्टल नहीं, बल्कि एयरगन पिस्टल निकला है।

जानकारी के मुताबिक रामबाग कोतरारोड निवासी 26 वर्षीय खुशहाल अग्रवाल 29 अगस्त की रात करीब 8:45 बजे घर से पैदल कोल्ड ड्रिंक लेने निकले थे। रिलायंस मार्ट के सामने मुख्य मार्ग से मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BC 6711 पर गुजर रहे व्यक्ति ने उनके ऊपर सड़क का पानी छिटका दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

आरोप है कि मोटरसाइकिल चालक कुछ देर बाद वापस आया और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। इसके बाद हाथापाई हुई और आरोपी ने अपने पास रखे पिस्टलनुमा हथियार से खुशहाल के सिर की ओर दो बार फायर किया। खुशहाल के नीचे बैठ जाने से वह फायर की चपेट में आने से बच गए। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गया।

प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में एयरगन पिस्टल निकला हथियार

घटना के बाद पुलिस ने मौके से मिले पिस्टलनुमा हथियार को आर्म्स एक्सपर्ट से जांच कराया। परीक्षण में हथियार एयरगन पिस्टल पाया गया, जिसमें सामान्य गोली के बजाय छर्रे का इस्तेमाल होता है। पुलिस के अनुसार, एयरगन का इस्तेमाल यदि किसी व्यक्ति को डराने-धमकाने या आपराधिक कृत्य में किया जाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

मोटरसाइकिल से हुई आरोपी की पहचान

घटनास्थल, मोटरसाइकिल के दस्तावेज और गवाहों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान हर्षवरन सिंह गोतरा पिता सुरेन्द्र मोहन सिंह, उम्र 44 वर्ष, निवासी जालंधर पंजाब, वर्तमान पता ग्राम तेंदूडिपा, कलमी, रायगढ़ के रूप में की है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

एसएसपी ने कहा कि एयरगन का सामान्य उपयोग लाइसेंस के दायरे में न भी आता हो, लेकिन यदि इसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति को डराने-धमकाने, भय उत्पन्न करने, मारपीट या किसी आपराधिक कृत्य में किया जाता है, तो पुलिस संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *