महासमुंद में 21 किलो गांजे के साथ दो लोकल पैडलर गिरफ्तार; स्कूटी-मोबाइल समेत ₹11.40 लाख की जब्ती

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत तेंदुकोना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने ग्राम कौसरा क्षेत्र में घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 21 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कौसरा इलाके में कुछ लोग गांजे की अवैध खेप लेकर आवाजाही कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तेंदुकोना पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान नीले रंग की स्कूटी पर आते दो लोगों को पुलिस ने रोककर पूछताछ की। संदेह होने पर उनकी तलाशी ली गई, जिसमें 21 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही नीले रंग की स्कूटी भी जब्त की। इसके अलावा आरोपियों के पास से वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने गांजे की कीमत 10.50 लाख रुपये, स्कूटी की कीमत 70 हजार रुपये और दोनों मोबाइल की कीमत 20 हजार रुपये आंकी है। इस तरह जब्त संपत्ति की कुल कीमत 11 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यादराम साहू (35), निवासी कौसरा, थाना तेंदुकोना और पीतांबर सिन्हा (35), निवासी ठाकुरदियाखुर्द, थाना पिथौरा के रूप में हुई है।

दोनों के खिलाफ थाना तेंदुकोना में अपराध क्रमांक 117/2026 दर्ज करते हुए धारा 20(b)(ii)(c) और 29 NDPS Act के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *