स्कूल परिसर में छात्र की मौत, प्रधानपाठक और शिक्षक निलंबित

महासमुंद। जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बसना विकासखंड के मुड़ीडीह स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में रस्सी में गला फंसने से 10 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद शिक्षा विभाग ने लापरवाही के मामले में प्रधानपाठक और सहायक शिक्षक को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन ने की है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान तरुण चौहान के रूप में हुई है। वह कक्षा चौथी में पढ़ता था। शुक्रवार सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि स्कूल खुलने के निर्धारित समय से पहले ही तरुण स्कूल पहुंच गया था।

बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में स्थित एक पेड़ पर रस्सी बंधी हुई थी। घटना के समय करीब नौ बच्चे वहां खेल रहे थे और पेड़ पर चढ़कर झूला झूल रहे थे। इसी दौरान तरुण का गला रस्सी में फंस गया। यह देखकर अन्य बच्चे घबरा गए और शोर मचाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तरुण की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में शोक का माहौल है।

मामले में जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन ने प्रधानपाठक और सहायक शिक्षक की लापरवाही को देखते हुए दोनों को निलंबित कर दिया है। स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर यह घटना गंभीर सवाल खड़े करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *