मेघा गांव बाढ़ की चपेट में, किशोरी के बहने की खबर

धमतरी। कुरुद क्षेत्र के मेघा गांव में बाढ़ के पानी और उफनते नाले को देखने गई 15 वर्षीय छात्रा के तेज बहाव में बहने की सूचना है। छात्रा की पहचान ताराना निषाद उर्फ तन्नू के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में चिंता और शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा पेट्रोल पंप के पास स्थित नाले के आसपास बाढ़ का पानी देखने गई थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा की तलाश शुरू की गई।

लगातार बारिश और नाले में तेज बहाव के कारण राहत एवं तलाश अभियान में परेशानी आ रही है। घटना की जानकारी प्रशासन को भी दी गई, जिसके बाद छात्रा की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को रवाना किया गया।

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, एसडीआरएफ की टीम चंदना-चंदसुर से घटनास्थल के लिए रवाना हुई है। टीम के पहुंचने के बाद नाले और आसपास के संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। फिलहाल छात्रा के मिलने या उसकी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है तथा तलाश अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *