मुंगेली में पुरानी रंजिश को लेकर जानलेवा हमला, कुदाली से सिर पर वार; दो आरोपी गिरफ्तार
मुंगेली। मुंगेली जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और रुपये-पैसे के विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर व्यक्ति के सिर पर कुदाली से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर की सुबह हरिवंश सिंह ठाकुर खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान औराबांधा गांव में राजू मरकाम के घर के पास उन पर हमला किया गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो हरिवंश घायल अवस्था में मिले और उनके चेहरे पर खून लगा हुआ था। मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज होने के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 281/2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट की मदद से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी राजू मरकाम (36) और संतोष मरकाम (38), दोनों निवासी औराबांधा, को 8 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस ने आरोपी राजू मरकाम के कब्जे से एक कुदाली भी जब्त की है। पुलिस का कहना है कि इसी कुदाली से हमले को अंजाम दिए जाने की बात जांच में सामने आई है।