दुर्ग। सूर्या टीआई मॉल के द्वितीय तल पर संचालित स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की शिकायत मिलने पर दुर्ग पुलिस ने औचक जांच की। सुपेला थाना और स्मृति नगर चौकी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर स्पा सेंटर की जांच की और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान स्पा सेंटर में बिजली और पानी की सप्लाई बंद होने के बावजूद करीब 7 युवतियां और अन्य लोग मौजूद मिले। पुलिस टीम ने मौके पर उपलब्ध तथ्यों की जांच की।
प्राथमिक जांच में पुलिस को फिलहाल किसी तरह के अनैतिक कार्य या अन्य अपराध से संबंधित ठोस साक्ष्य नहीं मिले। इसके बावजूद भविष्य में किसी संदिग्ध गतिविधि की पुनरावृत्ति रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर मौजूद 7 युवतियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी को सख्त हिदायत देते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के संबंधित प्रावधानों के तहत मुचलका पाबंद किया है।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि जिले में स्पा सेंटरों, दुकानों और अन्य संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी और चेकिंग की जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की शिकायत मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस कार्रवाई में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। फिलहाल 7 युवतियों के खिलाफ केवल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।