ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी (गौर सिटी-2) में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सोसाइटी के टॉवर-23 की 23वीं मंजिल से गिरकर पिता और 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। घटना के बाद सोसाइटी में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खाटू श्याम मंदिर जाने की थी तैयारी
बताया जा रहा है कि परिवार को शुक्रवार सुबह खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जाना था। इसी सिलसिले में रणदीप अपने बेटे के साथ पूजा के लिए बालकनी में फूल तोड़ने गए थे। बारिश के कारण बालकनी गीली थी और वहां फिसलन बनी हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फूल तोड़ने के दौरान बेटे का पैर फिसल गया और वह बालकनी से लटक गया। बेटे को बचाने की कोशिश में पिता ने भी अपना संतुलन खो दिया। देखते ही देखते दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। इस घटना ने पूरे सोसाइटी परिसर को गमगीन कर दिया है।