डंगनिया के सूने मकान में डेढ़ लाख की चोरी, तीन चोर गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के डीडी नगर थाना क्षेत्र के डंगनिया में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, घड़ियां और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 6 घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से दो पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डंगनिया निवासी स्वरोचिष मिश्रा 22 अक्टूबर की रात अपने मकान में ताला लगाकर कहीं बाहर गए थे। 23 अक्टूबर की सुबह जब वह वापस लौटे, तो घर के सभी दरवाजों के ताले टूटे हुए मिले। कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का दरवाजा व लॉकर भी टूटा हुआ था। जांच करने पर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिले। इसके बाद पीड़ित ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 676/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मोतीनगर, टिकरापारा निवासी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी को कुछ लोगों के साथ घटना स्थल के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में देखा गया था। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथी शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 6 घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07/LU/4432 जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी , शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा शामिल है।

    पुलिस के अनुसार, यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी पहले टिकरापारा थाने के लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं, शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ भी चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल में निरुद्ध रह चुका है। मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *