बिलासपुर। जिले के तखतपुर नगर में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। होलिका चौक के पास सड़क किनारे बनी करीब तीन फीट गहरी नाली में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं सड़क किनारे खुली नालियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
मृतक की पहचान संतोष देवांगन उर्फ शारूख, पिता समारू देवांगन के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात युवक होलिका चौक के आसपास घूम रहा था। बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बनी नाली में जा गिरा।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को नाली से बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खुली नालियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद सड़क किनारे खुली नालियों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि नालियों को ढंकने और दुर्घटनाओं से बचाव के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होते, तो ऐसे हादसों का जोखिम कम किया जा सकता था। अब देखना होगा कि संबंधित जिम्मेदार विभाग इस दिशा में क्या कदम उठाते हैं।