उड़ीसा से काफिला लेकर निकले थे तस्कर, टाटा सफारी कार में थी लाखों का गांजा, रायगढ़ में पकड़े गए

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 34.865 किलो गांजा, तीन कार, एक स्कूटी और 8 मोबाइल फोन समेत कुल 61 लाख 53 हजार 200 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर को लैलूंगा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक काले रंग की टाटा सफारी में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर उड़ीसा की ओर से उत्तर प्रदेश की तरफ तस्कर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने ग्राम कमरगा में नाकेबंदी की। इस दौरान सफारी चालक ने पुलिस के वाहन को टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया।

पुलिस ने पीछा कर ग्राम मोतीपुर के पास टाटा सफारी और उसके आगे पायलटिंग कर रही स्कूटी को घेर लिया। पूछताछ में पता चला कि तस्करों के साथ दो अन्य कारों में छह लोग और चल रहे थे। दूसरी ओर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सरिया पुलिस ने दोनों हुंडई औरा कारों को पकड़ लिया। दोनों जिलों की संयुक्त कार्रवाई में पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी1. अनिल कुमार चौधरी (36), निवासी गोंडा, जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश2. गगन कुमार चौधरी (25), निवासी गोंडा, जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश3. संदीप सिंह (23), निवासी कोसड़ा खुदै, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश4. ललित पाल (22), निवासी देवरी, जिला फतेहपुर, उत्तर प्रदेश5. शुभम सिंह (20), निवासी कल्याणपुर कचरौली, जिला फतेहपुर, उत्तर प्रदेश6. दीपांशु सिंह (20), निवासी देवरी, जिला फतेहपुर, उत्तर प्रदेश7. प्रिंस सिंह (28), निवासी देवरी, जिला फतेहपुर, उत्तर प्रदेश8. देवेंद्र तिवारी (25), निवासी सेगरधा, उत्तर प्रदेश

पुलिस ने 34 पैकेट में 34.865 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 17.43 लाख रुपये, एक टाटा सफारी, दो हुंडई औरा कार, एक स्कूटी और 8 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 61.53 लाख रुपये बताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *