PM मोदी ने मन की बात में छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा’ अभियान का किया जिक्र, CM साय ने बताया जनभागीदारी का संदेश

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 138वें एपिसोड में छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख किया। इस अभियान की शुरुआत तीजा-पोरा के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की थी। इसका उद्देश्य मुनगा के माध्यम से पोषण जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

प्रधानमंत्री द्वारा अभियान का उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे छत्तीसगढ़ की जनभागीदारी और सेवाभाव को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने वाला क्षण बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कुपोषण और एनीमिया के उन्मूलन तथा प्रदेशवासियों के पोषण स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि जनभागीदारी के इस संकल्प को और व्यापक बनाना है। उन्होंने ‘स्वस्थ, सुपोषित एवं सशक्त छत्तीसगढ़’ के निर्माण में सभी से सहभागी बनने की अपील की।

अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, पोषण वाटिकाओं और घरों में मुनगा के पौधे लगाने तथा वितरित करने की योजना है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रदेश के 52,553 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से करीब 7.88 लाख परिवारों को अभियान से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *