रायगढ़। बिहार में बैठा साइबर अपराधी रायगढ़ की युवती को ब्लैकमेल कर रहा था। सूचना पर दबिश देकर छग पुलिस ने पकड़ लिया है।पीड़िता ने पुलिस को बताया कि साइबर अपराधी ने प्रेमजाल में फंसाकर उसकी निजी फोटो-वीडियो APK फाइल के माध्यम से मोबाइल एक्सेस कर ले लिया था और लगातार ब्लैकमेल करता था डरा धमकाकर 13 हजार भी वसूल लिया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया
पीड़िता लैलूंगा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। 6 साल पहले इंस्टाग्राम पर एक अज्ञात व्यक्ति से पहचान हुई थी, शातिर ने अपना नाम अविनाश उर्फ राजा निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) बताया। बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने विश्वास में लेकर उससे निजी फोटो एवं वीडियो मंगवाए। कुछ समय बाद आरोपी का व्यवहार बदल गया और उसने युवती को एक APK फाइल डाउनलोड करने के लिए भेजी। आरोपी के कहने पर युवती ने फाइल डाउनलोड कर उसका एक्सेस कोड भी साझा कर दिया।
मोबाइल का एक्सेस मिलने के बाद आरोपी ने युवती की निजी जानकारी, फोटो, वीडियो और कॉन्टैक्ट लिस्ट हासिल कर ली। युवती के परिजनों से संपर्क कर उसे बदनाम करने का प्रयास किया। शिकायत के बाद पुलिस टीम तत्काल बिहार रवाना की गई। पुलिस टीम ने मुजफ्फरपुर के थाना बेला क्षेत्र में आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी अविनाश चौधरी (20 वर्ष) ने अपराध स्वीकार करते हुए युवती से 13 हजार वसूलना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी बताया कि उसने यूट्यूब से हैकिंग के तरीके सीखकर इस प्रकार का अपराध किया था।