रायगढ़। कोतरारोड क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद युवक पर पिस्टलनुमा एयरगन से फायर कर फरार हुए आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने ग्वालियर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरसवरन सिंह घोतड़ा (44 वर्ष), निवासी जालंधर, पंजाब के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त की रात सड़क पर पानी के छींटे पड़ने की बात को लेकर हरसवरन सिंह का खुशहाल अग्रवाल से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पिस्टलनुमा हथियार से खुशहाल के सिर की ओर दो बार फायर किया। खुशहाल नीचे बैठ गया, जिससे वह गोली की चपेट में आने से बच गया। घटना के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया था।
पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टलनुमा हथियार बरामद कर मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी को फरार कराने में उसके साले बुधराम चौहान उर्फ छोटू ने मदद की थी। पुलिस ने बुधराम को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसके बाद साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी के ग्वालियर में होने की जानकारी मिलने पर रायगढ़ पुलिस की टीम वहां पहुंची और GRP ग्वालियर के सहयोग से रेलवे स्टेशन के पास उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। उसने बताया कि वारदात में इस्तेमाल एयरगन उसने ऑनलाइन खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित मोबाइल भी बरामद किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।