रायगढ़। “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 15 फरवरी 2026 को 32 वर्षीय युवक ने घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 14 फरवरी की रात करीब 8:30 से 9 बजे वह पिकअप वाहन से घरघोड़ा से जामपाली लेबर छोड़ने जा रहा था। कंचनपुर के पास पीछे से आ रहे आरोपी ने लगातार कार का हॉर्न बजाया। रास्ता संकरा होने के कारण तत्काल रास्ता नहीं मिलने पर आरोपी ने अपनी कार पिकअप के सामने खड़ी कर उसे रोक दिया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने युवक को वाहन से नीचे खींच लिया और जातिसूचक व अश्लील गाली-गलौज करते हुए लात-मुक्के और थप्पड़ से मारपीट की। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर दोबारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर घरघोड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 49/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़ित द्वारा जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए जाने के बाद मामले में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।
मामले की विवेचना एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के निर्देशन में की जा रही थी। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान 4 सितंबर को पुलिस ने तारिख अनवर उर्फ मोनू खान (28 वर्ष), निवासी साईं राम कॉलोनी, घरघोड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।