रेलवे ट्रैक में रीलबाजी, राजनांदगांव की RPF टीम ने किया अरेस्ट

राजनांदगांव। रेलवे ट्रैक के किनारे बैठकर सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो के आधार पर आरपीएफ राजनांदगांव ने लगातार जांच और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान की और उसे पुणे से पकड़कर राजनांदगांव लाया।

मिली जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को आरपीएफ थाना राजनांदगांव में रेलवे ट्रैक के पास बैठकर वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। वायरल वीडियो में एक युवक रेलवे ट्रैक के समीप बैठकर वीडियो बनाता दिखाई दे रहा था।

मामले की जांच आरपीएफ निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में की गई। टीम ने वायरल वीडियो की जानकारी जुटाने के साथ रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर और पुणे रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान युवक की पहचान अजय प्रजापति (28) निवासी ग्राम जगोरा, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद के रूप में हुई।

आरपीएफ टीम ने उसकी लोकेशन पुणे में ट्रेस की और वहां कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया। आरोपी को राजनांदगांव लाकर विधिवत गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल वारंट पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।

आरपीएफ ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर रील या वीडियो बनाने के लिए रेलवे ट्रैक, यार्ड अथवा प्रतिबंधित रेलवे क्षेत्रों में प्रवेश न करें। लाइक और व्यूज के लिए ऐसी गतिविधियां जानलेवा हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *