बिहार. बाढ़ अनुमंडल के बेढना गांव के सैदपुर टोला में तीन दिन पहले चार युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, यह मामला जहरीली शराब पीने से हुई मौत का नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश का था. शराब का इंतजाम करने वाला पांचवां शख्स ही इस वारदात का मुख्य आरोपी निकला.
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने शराब पार्टी के दौरान शराब में जहर मिला दिया था. इसे पीने के बाद चारों युवकों की मौत हो गई. इस साजिश के पीछे प्रेम प्रसंग को वजह बताया जा रहा है. आरोपी की बहन का एक मृतक के साथ प्रेम संबंध था, जिससे वह नाराज था.
पटना के ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि लाली सिंह ने साजिश के तहत चारों युवकों की शराब में जहर मिलाया था. पुलिस के अनुसार, लाली की बहन और मृतक युवकों में से एक के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था. वहीं, बाकी तीन युवक आरोपी को अक्सर चिढ़ाते थे. इसी नाराजगी के चलते उसने शराब पार्टी के दौरान वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस की जांच के मुताबिक, पांचवां शख्स भी उसी शराब पार्टी में शामिल होने के लिए पहुंचा था. चारों मृतकों के साथ बैठकर शराब पीने के दौरान उसने कथित तौर पर शराब में जहरीला पदार्थ मिला दिया. इसके बाद शराब का सेवन करने वाले चारों युवकों की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई.
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी लाली सिंह समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. अब जांच एजेंसियां इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और वारदात से जुड़े दूसरे पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं. पुलिस को आशंका है कि हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी.
ग्रामीण एसपी के मुताबिक, शराब में किस तरह का जहर मिलाया गया था, इसका पता FSL रिपोर्ट आने के बाद चलेगा. फोरेंसिक जांच के जरिए जहरीले पदार्थ की पहचान की जाएगी. इसके बाद मामले में सामने आए तथ्यों को और स्पष्ट किया जा सकेगा.