रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कंटेनर वाहन ने पीछे से इनोवा कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार चालक ठेकेदार अविनाश धामने बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार गुढियारी निवासी ठेकेदार अविनाश धामने 20 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे अपनी इनोवा कार क्रमांक CG 04 LS 8026 से करेंसी टॉवर स्थित ऑफिस बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे मेक इन इंडिया चौक, तेलीबांधा सिग्नल के पास पहुंचे। सिग्नल रेड होने के कारण उन्होंने अपनी कार रोक दी थी। सिग्नल ग्रीन होने के बाद जैसे ही उन्होंने कार को रायपुर शहर की ओर जाने के लिए आगे बढ़ाया, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर क्रमांक NL 01 AF 3322 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि इनोवा कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। अविनाश धामने ने बताया कि हादसे के समय स्थिति गंभीर थी और उनकी जान को खतरा हो सकता था, लेकिन सौभाग्य से उन्हें कोई चोट नहीं आई।घटना के बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।