बोरियाखुर्द की घटना : पैर का कीचड़ धोते समय पिता के हाथ से छूटा 7 साल का बेटा, नाली में गिरा, मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर के बोरियाखुर्द इलाके में बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। पैर में लगी कीचड़ धोने के दौरान 7 साल का बच्चा खुली नाली में गिर गया। तेज बहाव के कारण बच्चा नाली के अंदर काफी दूर तक बह गया। घंटों चले रेस्क्यू अभियान के बाद बच्चे का शव बोरियाखुर्द इलाके में ही नाली से बरामद किया गया।

बताया जा रहा है कि बच्चे के पैर में कीचड़ लग गई थी। पिता उसे पैर धोने के लिए नाली के पास लेकर गए थे। इसी दौरान अचानक बच्चा पिता के हाथ से छूटकर खुली नाली में जा गिरा। देखते ही देखते वह पानी के तेज बहाव में बह गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर रेस्क्यू टीम पहुंची। बच्चे की तलाश के लिए नाली का रास्ता खोलने जेसीबी की मदद ली गई और नाली का पाटा भी तोड़ा गया। इसके बावजूद पानी के तेज बहाव के कारण बच्चा काफी दूर तक बह चुका था।

रेस्क्यू टीम ने घंटों तक नाली में बच्चे की तलाश की। आखिरकार बोरियाखुर्द इलाके में ही नाली के भीतर से बच्चे का शव बरामद किया गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

बारिश के दौरान खुले नाले और नालियों के आसपास सुरक्षा को लेकर यह हादसा गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय स्तर पर खुले नालों को लेकर सुरक्षा इंतजामों की जरूरत भी सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *