रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। काठाडीह स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में बारिश का पानी घरों और परिसर में घुस गया है, जिससे रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग रातभर अपने घरों से पानी निकालने में जुटे रहे।
रहवासियों के मुताबिक, कॉलोनी में जलभराव की समस्या को लेकर पहले भी नगर निगम से शिकायत की गई थी, लेकिन पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि पानी मुख्य बिजली सप्लाई बॉक्स तक पहुंच गया है। इससे पूरी बिल्डिंग में करंट फैलने का खतरा मंडरा रहा है।
कॉलोनी के लोगों ने वीडियो बनाकर नगर निगम की व्यवस्था पर नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते बारिश के दौरान उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बता दें कि रायपुर में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। शनिवार को तीसरे दिन भी बारिश का सिलसिला जारी है। ऐसे में कॉलोनी में जलभराव से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
बिजली सप्लाई बॉक्स तक पानी पहुंचने से हादसे की आशंका बनी हुई है। ऐसे में बिजली विभाग और नगर निगम की ओर से तत्काल सुरक्षा और जल निकासी की व्यवस्था किए जाने की जरूरत है।