रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र की रावतपुरा कॉलोनी में चोरी का मामला सामने आया है। यहां भारतीय सेना में पदस्थ एक जवान के मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान की कीमत 1.50 लाख रुपये बताई गई है। जवान की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, देवनारायण साहू रावतपुरा कॉलोनी में रहते हैं और भारतीय सेना में उनकी ड्यूटी हरियाणा में है। उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर को शाम करीब 5:15 बजे हरियाणा से रायपुर लौटने पर जब वे अपने घर पहुंचे, तो मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर गए। इस दौरान हॉल के दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर दोनों कमरों के ताले भी टूटे हुए थे और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
जवान ने घर की जांच की तो मंदिर और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब मिले। चोरी हुए सामान में एक सोने का रानी हार, एक सोने का चोकर, एक जोड़ी सोने के झुमके, एक जोड़ी सोने की ईयररिंग, दो सोने की चेन, एक सोने की मराठी माला, दो सोने के गेहूं दाना, दो सोने की सकरी और एक चांदी का सिक्का शामिल हैं। इनकी कीमत 1,50,000 रुपये बताई गई है।
शिकायत के मुताबिक, अज्ञात चोरों ने 7 सितंबर की शाम करीब 5 बजे से 18 अक्टूबर 2026 की शाम 5:15 बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया। फौजी देवनारायण साहू का दावा है कि चोर घर के मुख्य गेट से कूदकर अंदर घुसे और हॉल, कमरों के दरवाजों तथा अलमारी के ताले तोड़कर जेवर चोरी कर ले गए। चोरी की शिकायत टिकरापारा थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।