Headlines

रायपुर में गणेश प्रतिमा टूटने पर विवाद, दुकानदार और उसके पिता ने अपने नौकर को पीटा

रायपुर। न्यू राजेंद्र नगर स्थित शहीद राजू पांडेय नगर निवासी निकेश तांडी ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक गणेश प्रतिमा टूटने की बात को लेकर हुए विवाद में दुकानदार और उसके पिता ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

निकेश तांडी के अनुसार वह 11 सितंबर 2026 से राज कलेक्शन दुकान में काम कर रहा है। 14 सितंबर की सुबह करीब 10:15 बजे दुकान के बाहर गणेश प्रतिमाओं की बिक्री के लिए लगाए गए पंडाल में वह प्रतिमा दिखाने का काम कर रहा था। इसी दौरान उसके हाथ से गणेश प्रतिमा टूट गई। शिकायत के अनुसार प्रतिमा टूटने के बाद दुकान संचालक राज ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। निकेश ने गाली देने से मना करते हुए कहा कि वह ऐसा काम नहीं कर पाएगा। आरोप है कि इस बात से नाराज राज ने उस पर प्रतिमा तोड़ने और बहस करने का आरोप लगाते हुए अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।

निकेश का आरोप है कि इसके बाद राज और उसके पिता सोनू ने एक राय होकर हाथ-मुक्के से मारपीट की और उसे सड़क की तरफ ले गए। मारपीट में उसके गले और गाल में चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है।

पीड़ित के मुताबिक जब उसने दोनों से कहा कि वे उसे क्यों मार रहे हैं, तो सोनू ने कथित तौर पर उसे चुनौती देते हुए कहा कि वह कितना बड़ा दादा है और जिसे बुलाना है, बुला ले। पीड़ित की शिकायत के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *