रायपुर में गणेश उत्सव से पहले विसर्जन कुंड की तैयारी तेज

रायपुर। गणेश उत्सव को लेकर रायपुर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर निगम के अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने महादेवघाट के समीप बनाए जा रहे विसर्जन कुंड के कार्यों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गणेश प्रतिमाओं के इको-फ्रेंडली विसर्जन के लिए कुंड का निर्माण प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जोन-8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अपर आयुक्त ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और समय सीमा के भीतर काम पूरा कराने पर जोर दिया।

इसके बाद अपर आयुक्त ने नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 2, 20 और 70 में चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का भी स्थल निरीक्षण किया। वार्ड क्रमांक 2 के अटल आवास परिसर सहित अन्य स्थानों, वार्ड 70 के सरोना क्षेत्र और वार्ड 20 के कोटा क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति देखी गई।

विकास कार्यों की धीमी रफ्तार देखकर अपर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों को तत्काल गति दी जाए और लगातार मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता के साथ उन्हें जल्द पूरा कराया जाए। अपर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यादेश जारी होने के बावजूद काम में देरी करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा। निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 2 में पार्षद भगतराम हरबंश और वार्ड क्रमांक 70 में पार्षद अर्जुन यादव भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *