हैदराबाद। कट्टेदन इलाके में एक बेकरी कंपनी के कार्यालय से लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात के आरोप में कंपनी के पूर्व कर्मचारी 28 वर्षीय अनिल नागोराव कांबले को गिरफ्तार किया है। आरोपी महाराष्ट्र के नांदेड़ का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने उसके घर से चोरी की गई 24 लाख 49 हजार 500 रुपये की पूरी नकदी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त की शाम कंपनी के कैशियर गड्डम कुरुमूर्ति ने करीब 24 से 25 लाख रुपये कार्यालय के लॉकर में रखे थे। इसके बाद कार्यालय बंद कर दिया गया और उसकी चाबियां सुरक्षा गार्ड को सौंप दी गईं।
अगली सुबह कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो दरवाजा, अलमारी और लॉकर टूटा हुआ मिला। लॉकर में रखी लाखों रुपये की नकदी गायब थी। घटना की सूचना मिलते ही मेलार्डेवपल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
चोरी की सूचना के बाद पुलिस ने कार्यालय और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। कर्मचारियों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ के साथ तकनीकी सुरागों की भी जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस का शक कंपनी के पूर्व कर्मचारी अनिल कांबले पर गया। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल की। तलाशी के दौरान उसके घर से 24,49,500 रुपये नकद और एक Redmi मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, पूरी कार्रवाई राजेंद्रनगर जोन के DCP एस. श्रीनिवास और चंद्रायनगुट्टा ACP ए. सुधाकर की निगरानी में हुई। मेलार्डेवपल्ली SHO सी. श्रीनिवास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच की। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।