रायपुर। राजधानी रायपुर में एक युवक ने होटल मैनेजर को अपने जाल में फंसाकर उसकी स्कूटी लेकर फरार हो गया। आरोपी होटल में ग्राहक बनकर पहुंचा था और खुद को पंजाब का व्यापारी बताकर मैनेजर से जान-पहचान बढ़ाई। इसके बाद शराब पीने के बहाने उसे अपने साथ ले गया और शराब खरीदने के दौरान मौका पाकर स्कूटी लेकर भाग निकला। मामला गंज थाना क्षेत्र के बरखा होटल से जुड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, बरखा होटल के मैनेजर प्रिंस सोनकर से एक युवक की होटल में मुलाकात हुई। बातचीत के दौरान युवक ने खुद को पंजाब का व्यापारी बताया और धीरे-धीरे मैनेजर से दोस्ती कर ली। इसके बाद उसने प्रिंस को साथ बैठकर शराब पीने का प्रस्ताव दिया। उसकी बातों में आकर मैनेजर उसके साथ जाने के लिए तैयार हो गया।दोनों मैनेजर की स्कूटी से शराब दुकान पहुंचे। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, वहां आरोपी ने कथित तौर पर एटीएम से एक हजार रुपये निकाले और मैनेजर को दे दिए। इसके बाद प्रिंस शराब लेने के लिए दुकान के बाहर चला गया। इसी दौरान आरोपी ने मौका देखा और मैनेजर की स्कूटी लेकर वहां से फरार हो गया।
जब मैनेजर शराब लेकर वापस लौटा तो युवक मौके पर नहीं था और उसकी स्कूटी भी गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद उसे समझ आया कि युवक बहाने से उसे यहां लेकर आया था और मौका मिलते ही स्कूटी लेकर भाग गया।घटना के बाद प्रिंस सोनकर ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान जशनदीप सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में बताई जा रही है।पुलिस अब होटल और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपी के रायपुर आने, होटल में पहुंचने और स्कूटी लेकर फरार होने से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी ले रही है।
फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।