रायपुर। राजधानी के बोरियाखुर्द की रहने वाली भावना शर्मा के साथ रैपिडो चालक द्वारा चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, भावना शर्मा बैंक जाने के लिए रैपिडो बाइक सेवा के माध्यम से वाहन बुक कर बैंक पहुंची थीं।
बैंक के बाहर पहुंचने के बाद उन्होंने बैंक के अंदर जाने के दौरान अपना हैंडबैग कुछ देर के लिए रैपिडो चालक को पकड़ने के लिए दे दिया। आरोप है कि इसी दौरान चालक ने बैग में रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया।पीड़िता के मुताबिक, बैग में एक मोबाइल फोन, महत्वपूर्ण दस्तावेज और 56 हजार रुपये नकद रखे हुए थे।
चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है। घटना का पता चलने पर उन्होंने तत्काल गंज पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। गंज पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी रैपिडो चालक के खिलाफ चोरी का अपराध दर्ज कर लिया है।