डुंडा में पुलिस अधिकारी के घर लाखों की चोरी

रायपुर। मुजगहन थाना क्षेत्र में चोरों ने बिलासपुर पुलिस लाइन में पदस्थ एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर का मुख्य ताला और अलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर तथा बड़ी मात्रा में नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत 1.73 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ASI सुरेंद्र सिकरवार का मकान शिव विहार कॉलोनी, डूंडा में स्थित है। वर्तमान में उनकी पदस्थापना बिलासपुर पुलिस लाइन में है और वे बिलासपुर से रायपुर आना-जाना करते हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि 18 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे वे अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर जगदलपुर स्थित अपने पुराने घर चले गए थे।

23 जुलाई 2026 की सुबह पड़ोसी ने मोबाइल पर सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और मुख्य गेट खुला पड़ा है। सूचना मिलते ही वे जगदलपुर से रायपुर लौटे और दोपहर करीब 12 बजे अपने घर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर जाकर निरीक्षण करने पर दोनों अलमारियों के ताले भी टूटे मिले। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखा करीब 50 हजार रुपये कीमत का एक सोने का चैन, करीब 8 हजार रुपये कीमत की एक जोड़ी चांदी की पायल तथा 1 लाख 15 हजार रुपये नकद गायब मिले। इस प्रकार चोर कुल 1 लाख 73 हजार रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *