रायपुर में तिरंगा यात्रा निकाली गई, CM विष्णुदेव साय हुए शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल नजर आया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “देश की शान तिरंगा, हर भारतीय का अभिमान तिरंगा।” उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की स्वतंत्रता, एकता और स्वाभिमान का प्रतीक है। इसकी आन-बान-शान के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व मातृभूमि पर न्योछावर कर दिया।

सीएम साय ने कहा कि तिरंगे के सम्मान में उठने वाला हर कदम उन अमर बलिदानियों के प्रति हमारी कृतज्ञता का भाव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रायपुर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

तिरंगा यात्रा में उमड़े जनसैलाब को मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय गौरव और एकता की अद्भुत अभिव्यक्ति बताया। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि इस स्वतंत्रता दिवस हर घर तिरंगा फहराएं और विकसित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करें।

मुख्यमंत्री ने देशवासियों को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए कहा— “वंदे मातरम्!”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *