रायपुर। राजधानी में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और अन्य सामान चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी रोहन ताम्रकार थाना गुढ़ियारी का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित 10 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिव निर्मलकर निवासी शिवानंद नगर, अंजनी विहार कॉलोनी, खमतराई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 नवंबर 2026 को वह अपने मकान में ताला लगाकर परिवार सहित अपने गृहग्राम गया था। 12 नवंबर को वापस लौटने पर उसने देखा कि घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाने पर अलमारी खुली मिली और उसका लॉकर भी टूटा हुआ था।
जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम, मोबाइल फोन और कमरे में रखा अन्य सामान गायब था। कोई अज्ञात चोर सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया था। शिकायत पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1207/26 के तहत धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ और मुखबिरों के जरिए पुराने चोरी के आरोपियों तथा हाल ही में जेल से छूटे लोगों की जानकारी जुटाई गई।
इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि थाना गुढ़ियारी का हिस्ट्रीशीटर रोहन ताम्रकार घटना वाले दिन देर रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखा गया था। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसकी पतासाजी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में कबूली चोरी की वारदात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान रोहन ताम्रकार शुरुआत में अपनी संलिप्तता से इनकार करता रहा और टीम को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। हालांकि, साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित करीब 10 लाख रुपये कीमत का मशरूका जब्त किया है।
चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी रोहन ताम्रकार थाना गुढ़ियारी का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों में आधा दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं। इन मामलों में वह पहले भी जेल में निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन ताम्रकार (20 वर्ष), पिता संतोष ताम्रकार, निवासी नहरपारा, शिवनगर, दीक्षा स्कूल के आगे पानी टंकी के पास, थाना गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।