रायपुर। प्रेम संबंध से जुड़े विवाद में प्रेमी द्वारा प्रेमिका पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में गंभीर रूप से झुलसी राजकुमारी साहू ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि आग से राजकुमारी 60 फीसदी से अधिक झुलस गई थी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घटना के बाद से आरोपी वीरू धीवर फरार बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार पुलिस आरोपी के लोकेशन तक पहुंच गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा ने पीड़िता की मौत की पुष्टि की है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।पुलिस अब घटना के पीछे के पूरे विवाद और परिस्थितियों की जांच कर रही है।