रायपारा में क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन पर पहुंचे खूबलाल ध्रुव, युवा खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

धमतरी। नगरी विकासखंड के अंतर्गत केरेंगांव पंचायत के आश्रित ग्राम रायपारा में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में भाजपा नेता एवं जिला पंचायत के पूर्व सदस्य खूबलाल ध्रुव शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए खूबलाल ध्रुव ने कहा कि युवा देश की आन, बान और शान हैं। रायपारा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे बढ़ने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है।

उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और गांव की यही प्रतिभाएं देश का भविष्य हैं। क्रिकेट केवल खेल नहीं, बल्कि युवाओं को एकजुट करने, अनुशासन सिखाने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का माध्यम भी है।खूबलाल ध्रुव ने कहा कि रायपारा के युवा खिलाड़ियों के बीच समय बिताना उनके लिए बेहद सुखद और यादगार अनुभव रहा। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत करने और खेल के क्षेत्र में गांव, जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

समापन समारोह में खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के आयोजन ने ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *