Headlines

रिटायर्ड शिक्षक से 47 लाख की धोखाधड़ी, परिचित युवक गिरफ्तार, 6 साल तक विश्वास का फायदा उठाकर उड़ाता रहा रकम

रायगढ़। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक के बैंक खाते से करीब 47.05 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीड़ित के परिचित और विश्वासपात्र ने करीब छह वर्षों तक उसके बैंक संबंधी कामों में मदद करने के दौरान खाते से अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की। शिकायत के बाद कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम कांटाहरदी निवासी 64 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक रघुनाथ सिदार वर्ष 2024 में शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। वर्ष 2020 से गांव का रहने वाला छत्रपाल सिदार उनके संपर्क में था। जाति समाज का होने के कारण दोनों के बीच परिचय था और छत्रपाल बैंक संबंधी कार्यों में रघुनाथ की मदद करता था।

बताया गया कि आरोपी चेकबुक के माध्यम से राशि निकलवाने के लिए पीड़ित के साथ बैंक जाता था। धीरे-धीरे वह उनका विश्वासपात्र बन गया और घर भी आने-जाने लगा। आरोपी पीड़ित के मोबाइल का भी इस्तेमाल करता था, जिसके चलते लंबे समय तक उस पर किसी तरह का संदेह नहीं हुआ।

सेवानिवृत्ति के बाद रघुनाथ सिदार के एसबीआई कोतरारोड़ स्थित बचत खाते में जीपीएफ, ग्रेच्युटी, अवकाश समर्पण सहित अन्य राशि जमा हुई थी। मकान निर्माण के लिए जमीन खरीदने के उद्देश्य से जब वे बैंक पहुंचे और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, तो उन्हें खाते से बड़ी रकम गायब होने की जानकारी मिली।

खाते की जांच में पता चला कि जनवरी 2020 से जून 2026 के बीच कुल 47,05,000 रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे। इनमें ग्रामीण बैंक, आईडीबीआई बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा समेत अन्य बैंकों के खाते शामिल थे। इसके बाद पीड़ित ने कोतरारोड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत पर पुलिस ने 5 अक्टूबर 2026 को अपराध क्रमांक 377/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर पीड़ित के खाते से रकम अपने अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर करने की बात स्वीकार की। आरोपी के मुताबिक, रकम को उसके एचडीएफसी बैंक, एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया और अपेक्स बैंक के खातों में ट्रांसफर किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह रकम ऑनलाइन गेमिंग में खर्च कर दी।

पुलिस ने आरोपी से संबंधित बैंक खातों की जानकारी, एटीएम और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस ने आरोपी छत्रपाल सिदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *