रायपुर/बिलासपुर। बीच सड़क पर सरकारी वाहन खड़ा कर जन्मदिन मनाने, केक काटने और आतिशबाजी करने के मामले में नायब तहसीलदार विपिन पटेल के खिलाफ छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में शिकायत की गई है। ईमेल के माध्यम से हाईकोर्ट, बिलासपुर के रजिस्ट्रार जनरल को शिकायत भेजकर प्रकाशित खबरों और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में हाईकोर्ट के पूर्व निर्देशों के संदर्भ में उठाते हुए मामले की जांच की मांग की गई है। हालांकि, इस शिकायत पर हाईकोर्ट की ओर से कोई कार्रवाई या सुनवाई शुरू किए जाने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि सार्वजनिक सड़कों पर जन्मदिन समारोह आयोजित करने, स्टंटबाजी करने और यातायात बाधित करने जैसी घटनाएं सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करती हैं। इस मामले में भी शिकायतकर्ता ने संबंधित अधिकारी के कथित कृत्य की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
अब मामले में प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाया जाता है और शिकायत पर हाईकोर्ट क्या रुख अपनाता है, इस पर नजर रहेगी। शिकायत के आधार पर जनहित याचिका के रूप में सुनवाई होगी या नहीं, यह हाईकोर्ट के निर्णय पर निर्भर करेगा।